खागा में सिक्कों की कालाबाजारी, 20-25% कमीशन पर कानपुर भेजे जा रहे सिक्के
Naitik Chakravarti Times
••7 व्यूज़•1 मिनट पढ़ें
खागा तहसील में एक, दो, पांच और दस रुपये के सिक्कों की खुलेआम कालाबाजारी हो रही है।
खागा/फतेहपुर। खागा तहसील में एक, दो, पांच और दस रुपये के सिक्कों की खुलेआम कालाबाजारी हो रही है। दुकानदार और व्यापारी आम लोगों से 20 से 25 प्रतिशत कमीशन काटकर सिक्के खरीद रहे हैं और फिर उन्हें कानपुर भेजकर मोटा मुनाफा कमा रहे हैं। एक व्यापारी ने नाम न बताने की शर्त पर बताया कि यह धंधा पिछले दो-तीन महीनों से चल रहा है। गरीब मजदूर, किसान और छोटे दुकानदार जब बाजार में सिक्के लेकर आते हैं तो दुकानदार सिक्के लेने से मना कर देते हैं। मजबूरी में लोगों को 100 रुपये के सिक्के के बदले 75-80 रुपये लेने पड़ रहे हैं। बताया जा रहा है कि खागा से इकट्ठा किए गए सिक्कों को बोरे में भरकर कानपुर के बड़े व्यापारियों को बेचा जा रहा है, जहां इनकी भारी मांग है। वहीं इस मामले में कोतवाली प्रभारी संजय पांडेय ने कहा कि मामला उनके संज्ञान में नहीं है, शिकायत मिलने पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी। भारतीय रिजर्व बैंक के अनुसार सभी सिक्के वैध हैं और लेने से इंकार करना दंडनीय अपराध है। स्थानीय लोगों ने जिलाधिकारी से इस कालाबाजारी पर रोक लगाने की मांग की है।